रायपुर: साड़ी पहनकर IPS अंकिता शर्मा ने AK-47 से की फायरिंग, वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- पुलिस लाइन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की पूजा की गई।
- पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने हर्ष फायर कर परंपरा निभाई।
- पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने हवन-पूजन कर माता शक्ति की आराधना की।
रायपुर। विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित रक्षित आरक्षित केंद्र में पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की उपस्थिति में शस्त्रागार में रखे अस्त्र-शस्त्रों और विभागीय वाहनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। अनुष्ठान संपन्न होने के बाद एसपी ने हर्ष फायर कर परंपरा का पालन किया।
पंडित के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राइफल, रिवाल्वर, गोला-बारूद और पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाले अन्य अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की गई। इसके साथ ही विभागीय वाहनों पर तिलक लगाकर उनका पूजन भी किया गया। आयोजन में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा पुलिसकर्मी और जवान शामिल हुए।
पुलिस कमिश्नर ने शस्त्र पूजन कर सुरक्षा और जनसेवा के प्रति जताई प्रतिबद्धता
विजयादशमी पर मंगलवार को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पुलिस लाइन में परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्रों और पुलिस वाहनों का पूजन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विधि-विधान से माता शक्ति की आराधना की। इसके बाद हवन-पूजन कर अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों की सुरक्षा, जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
विजयादशमी के इस आयोजन के माध्यम से पुलिस बल के शौर्य, पराक्रम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की परंपरा को आगे बढ़ाया गया। शस्त्र पूजन पुलिस बल के साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। इसी भावना के अनुरूप पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया।
पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड ने माता की आरती के साथ देशभक्ति से जुड़ी धुनें प्रस्तुत कीं। इन प्रस्तुतियों से पुलिस लाइन का माहौल भक्तिमय होने के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना से भी ओतप्रोत हो गया। पुलिस बैंड की धुनों ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। पूजा-अर्चना के दौरान परंपरा के अनुसार हर्ष फायरिंग भी की गई।
इस मौके पर पुलिस कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व के महत्व के साथ पुलिस बल की जिम्मेदारियों और जनसुरक्षा के उद्देश्य पर भी प्रकाश डाला।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित अन्य लोग रहे उपस्थित
आयोजन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त राबिन्सन गुरिया, स्मृतिक राजनाला, डॉ. अर्चना झा, दीपमाला कश्यप और तारकेश्वर पटेल मौजूद रहे। इनके अलावा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निमिषा पांडेय, सहायक पुलिस कमिश्नर सतीश ठाकुर, निलेश द्विवेदी और सीमा अहिरवार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
रक्षित निरीक्षक अनीश कुमार सारथी के साथ कमिश्नरेट के अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और सम्मानित नागरिकों ने भी आयोजन में भाग लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.