युवक के साथ थाने में बर्बरता, अमरोहा पुलिस हेड मोहर्रिर लाइन हाजिर

अमरोहा। नौगांवा सादात थाना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले में पुलिस की छवि पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में थाने के हेड मोहर्रिर दिनेश यादव को एक फरियादी युवक के साथ बर्बर व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है।
युवक पर तमाचे और लात-घूंसों से हमला
वायरल वीडियो अगस्त-सितंबर 2025 के बताए जा रहे हैं, लेकिन गुरुवार को सोशल मीडिया पर चर्चा में आए। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पुलिसकर्मी फरियादी युवक को कार्यालय में लाते हैं। तभी दिनेश यादव पीछे से आए और युवक पर हमला कर तमाचे और लात-घूंसों से उसे पीटते हैं। इसके बाद युवक को कमरे के अंदर धकेला जाता है।
जमीन पर बैठाकर पीटा
एक अन्य वीडियो में भी देखा गया कि पुलिसकर्मी युवक को कुर्सी के पास जमीन पर बैठाकर लगातार ठोकरें मारते हैं। पीड़ित युवक आलमपुर कैंच गांव का रहने वाला है और शिकायत लेकर थाने आया था। बताया गया कि उसे हेड मोहर्रिर दिनेश यादव के निर्देश पर होमगार्ड कर्मियों ने कार्यालय में बुलाया था।
पुलिस ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी अमित कुमार आनंद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हेड मोहर्रिर दिनेश यादव को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। एसपी ने कहा कि वीडियो पुराने लगते हैं, लेकिन थाने में हुई पिटाई गंभीर मामला है। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.