मुजफ्फरनगर के मदीना चौक पर कन्फेक्शनरी की दुकान में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मदीना चौक स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही फायर सर्विस ऑफिसर (FSO) राम किशोर यादव के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने तेजी से फैल रही आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग फैल जाती तो पूरे बाजार को भारी नुकसान हो सकता था।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अनुराग सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य है। फिलहाल दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसमें लाखों रुपये के सामान के जलने की आशंका है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिले में आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले जानसठ रोड स्थित टायर रीसाइक्लिंग प्लांट और रोहाना टोल प्लाजा के पास एक रिकवरी वैन में भी आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इन लगातार घटनाओं ने बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा अब इन व्यवस्थाओं की समीक्षा की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.