मेरठ: सांप्रदायिक तनाव के बीच शताब्दी नगर में घरों पर लगे ‘पलायन’ के पोस्टर

मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर सेक्टर-5 में मंगलवार से शुरू हुए सांप्रदायिक तनाव ने तेज़ रूप पकड़ लिया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोग स्थानीय लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं। आक्रोश जताते हुए उन्होंने अपने घरों पर “पलायन” के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं।
यह मामला बीते सोमवार को तब शुरू हुआ, जब दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति ने कॉलोनी के एक युवक पर अपनी बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लेकर उसका चालान कर दिया। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पुलिस ने केवल एक पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की और आरोपी व्यक्ति द्वारा किए गए धारदार हथियार से हमले को नजरअंदाज किया।
स्थानीय निवासियों का यह भी दावा है कि आरोपी व्यक्ति मंदिर में होने वाली आरती और लाउडस्पीकर का विरोध करता है। विरोध करने पर वह कॉलोनी के युवाओं को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता है।
भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ. चरण सिंह लिसाड़ी, बिजेंद्र सिंह और पार्षद रामवीर सिंह धरने पर बैठे कॉलोनीवासियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाया और एसपी सिटी से मामले की शिकायत करने का आश्वासन दिया।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने कहा कि किशोरी की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की गई। यदि कॉलोनी वासी अन्य पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत या साक्ष्य पेश करते हैं, तो पुलिस उस पर भी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करेगी। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति पर पुलिस की कड़ी नजर रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.