मेरठ: खेल विश्वविद्यालय पहुंचे जयंत चौधरी, निर्माण कार्यों की ली समीक्षा

मेरठ के सरधना क्षेत्र के सलावा गांव में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय का शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं उद्यमिता जयंत चौधरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर का दौरा कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की।
दौरे के दौरान मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए, ताकि विश्वविद्यालय को जल्द खिलाड़ियों के लिए तैयार किया जा सके।
कुलपति ने दी परियोजना की जानकारी
विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने मंत्री को निर्माण कार्यों की मौजूदा प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परिसर को आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आवास और अन्य खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
समीक्षा बैठक में जयंत चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा कि परियोजना में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
खिलाड़ियों के लिए अहम साबित होगा विश्वविद्यालय
बैठक के दौरान खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण तथा अवसर उपलब्ध कराएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.