मेरठ के मद्रासी डोसा रेस्टोरेंट के सांभर में मिला कीड़ा, DM के आदेश पर सील

HIGHLIGHTS
- सांभर में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद कार्रवाई
- डीएम ने फूड विभाग के अधिकारियों को लगाई फटकार
- खाद्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट सील किया
मेरठ के मवाना रोड स्थित गंगानगर डिफेंस कॉलोनी के मद्रासी डोसा रेस्टोरेंट में सांभर में कीड़े मिलने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी ने फूड विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और रेस्टोरेंट को तत्काल सील करने के साथ लाइसेंस रद्द करने के आदेश दिए। आदेश मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट सील कर वहां नोटिस चस्पा कर दिया।
सांभर में दिखाई दिया था रेंगता हुआ कीड़ा
इंचौली क्षेत्र के रहने वाले सौरभ विकल चार दिन पहले अपने पिता के साथ डिफेंस कॉलोनी के पास स्थित मद्रासी डोसा रेस्टोरेंट में डोसा खाने गए थे। सौरभ के मुताबिक, उन्हें परोसे गए सांभर में एक कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने इसकी वीडियो भी बना ली थी।
मैनेजर से शिकायत पर नहीं मिला संतोषजनक जवाब
सौरभ शनिवार को रेस्टोरेंट पहुंचे और मैनेजर से मामले की शिकायत की। आरोप है कि उन्हें वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस और खाद्य विभाग के इंस्पेक्टर विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। सौरभ का आरोप है कि खाद्य विभाग के अधिकारी ने रेस्टोरेंट संचालक को सिर्फ साफ-सफाई के निर्देश दिए और कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की।
डीएम के समक्ष रखी पूरी शिकायत
कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर सौरभ ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की और उन्हें पूरा मामला बताया। उन्होंने सांभर में कीड़ा मिलने का वीडियो भी दिखाया और शिकायत से संबंधित जानकारी दी। मामला सामने आने के बाद डीएम ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को तलब किया और कार्रवाई में लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई।
निर्देश के बाद सील किया गया रेस्टोरेंट
जिलाधिकारी के आदेश के बाद खाद्य विभाग की टीम तुरंत मद्रासी डोसा रेस्टोरेंट पहुंची। टीम ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया और नोटिस चस्पा कर दिया। इसके अलावा रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द करने के आदेश भी दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.