मुजफ्फरनगर: अटल चौक और शहीद अब्दुल हमीद चौराहे के नाम पर लगेगी अंतिम मुहर

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की 28 फरवरी को प्रस्तावित बोर्ड बैठक कई महत्वपूर्ण निर्णयों के कारण चर्चा में है। बैठक में सुजडू चौराहा का नाम बदलकर परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा जाएगा। साथ ही मीनाक्षी चौक को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर “अटल चौक” नाम देने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
पालिका प्रशासन ने बैठक के लिए कुल 159 प्रस्तावों का विस्तृत एजेंडा तैयार किया है। इनमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आय-व्यय का अनुमानित बजट भी पेश किया जाएगा। प्रस्तावित बजट के अनुसार करीब 290 करोड़ रुपये आय का अनुमान लगाया गया है, जबकि शहर के विकास कार्यों पर लगभग 486 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई गई है।
नामकरण संबंधी प्रस्ताव सभासद नौशाद खान और खालिद द्वारा दिए गए पत्रों के आधार पर लाए जा रहे हैं। इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर मीनाक्षी चौक का नाम बदलने का अनुरोध भी किया गया था, जिसे अब औपचारिक रूप से बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा।
बैठक में पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण और पथ प्रकाश से जुड़े कई विकास प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी।
पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली बैठक में सभी सभासदों की उपस्थिति अपेक्षित है और बजट समेत विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.