नाबालिग निशानेबाज से दुष्कर्म का आरोप, राष्ट्रीय शूटिंग कोच पर केस दर्ज

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में एक राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग कोच पर नाबालिग खिलाड़ी के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना एनआईटी में आरोपी कोच के खिलाफ पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, यह घटना 16 दिसंबर को सूरजकुंड स्थित एक होटल में हुई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी कोच ने उसे प्रतियोगिता से जुड़ी बातचीत के बहाने होटल में बुलाया था। वहां उसने कथित रूप से जबरदस्ती की और विरोध करने पर खिलाड़ी के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि वह कई वर्षों से शूटिंग का प्रशिक्षण ले रही है और अगस्त 2025 से वह भारतीय शूटिंग टीम से जुड़े एक कोच से अभ्यास करने लगी थी। आरोप है कि प्रशिक्षण के नाम पर कोच उसे मोहाली, पटियाला, देहरादून और दिल्ली जैसे शहरों में बुलाते रहे।
पीड़िता ने बताया कि 16 दिसंबर को उसका एक राष्ट्रीय मुकाबला दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित था। दोपहर में मैच समाप्त होने के बाद जब वह घर लौटने लगी, तो कोच ने मैच पर चर्चा करने की बात कहकर उसे रुकवा लिया। खिलाड़ी काफी देर तक रेंज में इंतजार करती रही। बाद में कोच ने व्हाट्सएप कॉल कर उसे सूरजकुंड के एक होटल की लॉबी में बुलाया।
आरोप है कि होटल में कोच उसे एक कमरे में ले गया, जहां कुछ देर बातचीत के बाद उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसका खेल करियर बर्बाद करने की धमकी दी। घटना के बाद कोच खुद उसे नीचे गाड़ी तक छोड़कर चला गया।
इस घटना के बाद किशोरी मानसिक रूप से परेशान और डरी हुई रही। 6 जनवरी को उसने साहस जुटाकर पूरी बात अपनी मां को बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.