रामलला के दरबार में भक्तों की भीड़, पांच दिनों में सात लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या

अयोध्या। कार्तिक मेले के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिल रहा है। रामलला के दर्शन के लिए दूर-दराज़ से आए लाखों श्रद्धालुओं में अद्भुत उत्साह देखा जा रहा है। राम जन्मभूमि परिसर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लम्बी कतारें लग जाती हैं और मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठता है।
पांच दिनों के भीतर करीब सात लाख से अधिक भक्त रामलला के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालु जैसे ही रामलला की दिव्य प्रतिमा के समक्ष पहुंचते हैं, उनके चेहरे पर भाव विभोरता और आंखों में भक्ति के आंसू झलकने लगते हैं। हर कोई यही कहता दिख रहा है- “धन्य हुआ जीवन, प्रभु के दर्शन पा लिए।”
शहर का वातावरण पूर्ण रूप से भक्तिमय हो उठा है। मंदिरों की घंटियों की ध्वनि, भजन-कीर्तन और दीपों की रौशनी से पूरी अयोध्या आलोकित है। देर रात तक श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मी और स्वयंसेवक भी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि मेले के प्रारंभिक दिनों में प्रतिदिन एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और विश्राम स्थलों की पूरी व्यवस्था की गई है।
दर्शनार्थियों की संख्या (29 अक्तूबर से 2 नवंबर तक):
-
29 अक्तूबर – 1.12 लाख
-
30 अक्तूबर – 1.18 लाख
-
31 अक्तूबर – 1.74 लाख
-
1 नवंबर – 1.12 लाख
-
2 नवंबर – 1.05 लाख (शाम 7 बजे तक)
रामलला की आरती और जयकारों के बीच अयोध्या का हर कोना आस्था के प्रकाश में नहा उठा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.