लुधियाना के निजी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, चपरासी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- 13 अक्टूबर को स्कूल में हुई कथित घटना।
- किताब ढूंढने के दौरान छात्रा के साथ दुर्व्यवहार का आरोप।
- घटना का 55 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आने की बात।
लुधियाना। शहर के एक निजी स्कूल में 16 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा ने शिकायत में आरोप लगाया कि स्कूल के चपरासी ने टीचर के ऑफिस में उसे अकेला पाकर जबरन किस किया और गलत तरीके से छुआ।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपित छात्रा को पकड़कर किस करता नजर आ रहा है। थाना टिब्बा पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित की पहचान सरदार नगर में बस्ती जोधेवाल की गली नंबर-1 निवासी प्रिंस पाल के रूप में हुई है।
13 अक्टूबर को हुई थी घटना
पुलिस को दी गई शिकायत में छात्रा की मां ने बताया कि 13 अक्टूबर को उनकी बेटी को स्कूल में एक किताब की जरूरत थी। क्लास टीचर के कहने पर वह किताब लेने उनके ऑफिस पहुंची। छात्रा के अनुसार, उस समय ऑफिस में कोई मौजूद नहीं था और वह डेक में रखी किताबों के बीच अपनी जरूरत की किताब तलाश रही थी। इसी दौरान स्कूल का चपरासी प्रिंस पाल वहां आ गया।
करीब 55 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में चपरासी पीछे से ऑफिस में प्रवेश करता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह छात्रा को पीछे से पकड़कर दीवार और अलमारी के बीच दबोचता है और जबरन किस करता नजर आता है। छात्रा विरोध करते हुए खुद को छुड़ाती है और बाहर निकलने लगती है। इस दौरान आरोपित उसका हाथ पकड़ने का प्रयास करता है, लेकिन छात्रा वहां से निकल जाती है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
छात्रा ने आरोप लगाया कि चपरासी ने स्कूल के सीसीटीवी सिस्टम से घटना का फुटेज निकालकर अपने दोस्तों को दिखाया और उसे बदनाम करने की कोशिश की। बाद में छात्रा ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की जांच एएसआई रविंदर सिंह कर रहे हैं। पुलिस शिकायत और सीसीटीवी फुटेज से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.