पीलीभीत: टाइगर रिजर्व के पास निर्माणाधीन रिसोर्ट में मिट्टी धंसने से 1 मजदूर की मौत, चार घायल

पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन रिसोर्ट में बड़ा हादसा हो गया। सीवर टैंक की खुदाई के दौरान मिट्टी धंस जाने से पांच मजदूर दब गए। साथी मजदूरों और मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। तीन मजदूरों का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, माधोटांडा बाइफरकेशन मार्ग पर पीलीभीत निवासी सुनील साहू का रिसोर्ट निर्माणाधीन है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मजदूर सीवर टैंक की खुदाई में जुटे थे। बुलडोजर से गड्ढा खोदा जा रहा था और मजदूर अंदर जाकर मिट्टी निकाल रहे थे। इस दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा ढेर ढह गया, जिससे पांचों मजदूर उसमें दब गए।
घटना देखकर बुलडोजर चालक ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर दौड़े। काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया और निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान पिपरिया संतोष गांव निवासी 28 वर्षीय मोईन पुत्र नूर मोहम्मद की मौत हो गई। जबकि डगा निवासी शादाब की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मृतक मोईन के घर में मातम
मोईन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी सागरा बदहवास हो गई। मृतक की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमशः पांच और तीन वर्ष है। बताया गया कि मोईन हाल ही में जम्मू में ईंट भट्टे पर मजदूरी कर अपने गांव लौटा था। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था।
माधोटांडा थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.