मेरठ में मोहन भागवत के दौरे की तैयारी, खेल और सामाजिक बैठक मुख्य एजेंडा

मेरठ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 19 फरवरी की शाम मेरठ पहुंचेंगे और 21 फरवरी तक शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य खेल जगत, सामाजिक क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख व्यक्तियों के साथ संवाद स्थापित करना होगा। संघ कार्यकर्ता उनके स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
शताब्दी वर्ष पर खेलकों के लिए विशेष संवाद
आरएसएस की स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर 20 फरवरी को माधवकुंज शताब्दीनगर के मैदान में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग 500 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच भाग लेंगे। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में डॉ. भागवत अपने विचार साझा करेंगे और प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर देंगे। यह पहल खेल जगत के लिए प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।
किसानों, शिक्षाविदों और उद्यमियों से मुलाकात
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान सरसंघचालक प्रगतिशील किसानों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, शिक्षाविदों, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के जरिए शिक्षा, सामाजिक विकास और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर संवाद स्थापित किया जाएगा।
संघ परिवार तैयारियों में सक्रिय
डॉ. भागवत के दौरे को सफल बनाने के लिए आरएसएस और संघ परिवार के स्वयंसेवक पूरी तरह सक्रिय हैं। कार्यक्रम स्थल और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 21 फरवरी की शाम डॉ. भागवत मेरठ से प्रस्थान करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.