राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- युवाओं के रोजगार के पांचों दरवाजों पर लगा ताला

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने भारत की युवा आबादी को देश की बड़ी ताकत बताया।
- उन्होंने सोशल मीडिया को 21वीं सदी का नशा बताया।
- राहुल गांधी के मुताबिक सिर्फ 12 प्रतिशत युवाओं को नौकरी मिल रही है।
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत में 40 प्रतिशत ऊर्जावान युवा हैं और युवाओं की यह ताकत चीन से भी ज्यादा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिस्टम ने युवाओं को डेटा के चक्रव्यूह में फंसा दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी डेटा की है और भारत के पास सबसे ज्यादा डेटा है।
उन्होंने कहा कि देश का हर युवा सोशल मीडिया पर रील बनाने में एक जीबी डेटा खर्च कर रहा है, जबकि सिर्फ 12 प्रतिशत युवाओं को रोजगार मिल पा रहा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया को 21वीं सदी का नशा बताते हुए कहा कि बीए, एमए और एमएससी जैसी डिग्री लेने के बावजूद युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। उन्हें ब्लिंकिट और ऊबर में काम करने के लिए कहा जाता है।
रोजगार के पांचों रास्ते बंद: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि देश में रोजगार के पांचों दरवाजे बंद हो चुके हैं। उन्होंने पहला दरवाजा मैन्यूफैक्चरिंग का बताया। उनके अनुसार, नोटबंदी और गलत जीएसटी के कारण लेदर, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल सेक्टर प्रभावित होकर बंद हो गए।
दूसरे दरवाजे के तौर पर उन्होंने इंटरप्रेन्योरशिप यानी स्टार्टअप इंडिया का जिक्र किया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बैंक छोटे व्यापारियों और लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम कारोबारियों को कर्ज नहीं देते, जबकि अदाणी और अंबानी को लाखों करोड़ रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि 90 प्रतिशत एमएसएमई को लोन नहीं मिलता।
तीसरे दरवाजे को सरकारी नौकरी बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह पेपर लीक और गलत सिस्टम का शिकार है। उन्होंने कहा कि 150 युवाओं में से केवल एक को सरकारी नौकरी मिलती है।
चौथे दरवाजे के तौर पर उन्होंने पब्लिक सेक्टर का जिक्र किया। राहुल गांधी के मुताबिक, 10 साल पहले पब्लिक सेक्टर 14 लाख युवाओं को रोजगार देता था, लेकिन अब इसका निजीकरण कर दिया गया है। उन्होंने प्राइवेट स्कूल, प्राइवेट अस्पताल, नवरत्न कंपनियों, बीएसएनएल और एयरपोर्ट का भी जिक्र किया।
पांचवें और आखिरी दरवाजे के तौर पर राहुल गांधी ने आईटी सेक्टर की बात की। उन्होंने कहा कि बैंकिंग और सॉफ्टवेयर का क्षेत्र भी एआई के जरिए खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार के सभी पांचों रास्तों पर ताला लग चुका है और युवाओं के पास मजदूरी करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
राहुल गांधी ने कहा, "डेटा आपका, दर्द आपका, दौलत इनकी।"
अदाणी की संपत्ति बढ़ने का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने कहा कि विश्व के सबसे अमीर लोगों की सूची में अदाणी 10 साल पहले 600वें स्थान पर थे। उनके मुताबिक, 10 साल में उनकी संपत्ति 30 गुना से ज्यादा बढ़ी और वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए।
उन्होंने कहा कि 10 साल पहले भारतीय जनता पार्टी का बैंक बैलेंस 150 करोड़ रुपये था, जो आज 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी युवाओं को भटकाते हैं, वोट चोरी करते हैं और युवाओं की सोच को नियंत्रित करने का प्रयास करते हैं।
'हर जगह प्रचारक'
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आज हर जगह मोहन भागवत ने आरएसएस के प्रचारक बैठा रखे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में आरएसएस के प्रचारकों को वाइस चांसलर बनाया जा रहा है।
उन्होंने ब्यूरोक्रेसी, मीडिया, न्यायपालिका और पैरामिलिट्री में भी प्रचारकों को रखे जाने का आरोप लगाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.