राजनाथ सिंह ने जवानों संग मनाई दिवाली, अग्निवीरों के सेवा कार्यकाल में विस्तार को बताया तोहफा

HIGHLIGHTS
- निर्धारित मानदंड पूरे करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने का भी अवसर मिलेगा।
- राजनाथ सिंह ने जवानों के त्याग, समर्पण और देश सेवा की सराहना की।
- एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना प्रमुख बनने पर बधाई दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिवाली की पूर्व संध्या पर पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित बागडोगरा एयरफील्ड में भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अग्निवीरों को लेकर एक अहम फैसले का जिक्र करते हुए बताया कि शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी इच्छा के अनुसार दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल देने का निर्णय लिया गया है।
राजनाथ सिंह ने कहा, ''शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी इच्छा के आधार पर दो साल का एक और कार्यकाल देने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। इससे उन्हें देश की सेवा करने का एक और मौका मिलेगा।''
दिवाली पर जवानों के समर्पण और त्याग को किया नमन
रक्षा मंत्री ने दिवाली के अवसर पर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के समर्पण और त्याग की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय हर किसी को अपने परिवार और घर की याद आती है, लेकिन सैनिक इन भावनाओं को अपने मन में रखते हुए देशवासियों की सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता से डटे रहते हैं।
उन्होंने कहा, ''त्योहार पर सभी को अपने घर की याद आती है। इन यादों को आप सभी अपने सीने में समेटकर देशवासियों की सुरक्षा में आप तत्पर हैं। इसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है। मैं आपकी इस तपस्या का अभिनंदन करता हूं।''
अग्निवीरों के लिए दिवाली का बड़ा तोहफा
राजनाथ सिंह ने यह भी बताया कि निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिक के तौर पर भारतीय सेना में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अतिरिक्त सेवा अवधि के फैसले को अग्निवीरों के लिए दिवाली का विशेष उपहार बताया।
रक्षा मंत्री ने कहा, "मेरा मानना है कि यह हमारे अग्निवीरों के लिए दिवाली का बहुत बड़ा तोहफा है।"
एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना के प्रमुख का पदभार संभालने पर बधाई दी। उन्होंने उनके नाम का जिक्र करते हुए भगवान शिव के स्वरूप का उदाहरण भी दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा, ''आशुतोष भगवान शिव का भी एक नाम है। भगवान शिव स्वभाव से सौम्य, सरल और शांत हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर वह रौद्र रूप भी धारण कर सकते हैं।''
उन्होंने आगे कहा, "मैं एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना के प्रमुख का पदभार संभालने पर बधाई देता हूं। आशुतोष भगवान शिव का भी एक नाम है। भगवान शिव स्वभाव से सौम्य, सरल और शांत हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर वह रौद्र रूप भी धारण कर सकते हैं। दुश्मनों के हित में यही है कि उन्हें कभी एयर चीफ मार्शल दीक्षित का रौद्र रूप देखने की नौबत न आए।"
जवानों के साथ मनाई दिवाली, मिठाइयां बांटकर दी शुभकामनाएं
दिवाली समारोह के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट पर भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात की और उन्हें मिठाइयां बांटीं। इस मौके पर जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के एक जवान ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में गीत भी प्रस्तुत किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.