मुजफ्फरनगर: कम दहेज लाने पर विवाहिता को किया जा रहा था परेशान, पति और देवर पर FIR

HIGHLIGHTS
- पठानकोट के शाहपुरकंडी में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला सामने आया।
- पीड़िता रमनदीप कौर की शादी 19 अप्रैल को अखवाना निवासी विशाल शर्मा से हुई थी।
- आरोप है कि शादी के बाद से ही कम दहेज लाने को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
पठानकोट जिले में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने और सोने के गहने न मिलने को लेकर महिला को लगातार परेशान कर रहे थे। इसी विवाद के चलते पति और देवर ने डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद पीड़िता ने अपना मेडिकल करवाया और थाना शाहपुरकंडी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली शिकायतकर्ता रमनदीप कौर ने बताया कि उसकी शादी करीब 7 महीने पहले शाहपुरकंडी के गांव अखवाना में हुई थी। वहीं, आरोपियों की पहचान विशाल और रवीश के रूप में हुई है, जो शाहपुरकंडी के निवासी हैं।
7 महीने पहले हुई थी शादी
रमनदीप कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी 19 अप्रैल को अखवाना निवासी विशाल शर्मा के साथ हुई थी। शादी को अभी महज 7 महीने ही हुए हैं। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने देते थे और लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इस दौरान कई बार उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
मायके से सामान लेकर पहुंचे भाई-भाभी, सोने के गहनों को लेकर हुआ विवाद
पीड़िता के अनुसार, मामला उस समय बढ़ गया जब उसका भाई अभनिंदर सिंह और भाभी अमनदीप कौर करवाचौथ व्रत से जुड़ा सामान देने के लिए उसके ससुराल पहुंचे। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों की ओर से लाए गए सामान पर नाराजगी जताई और अतिरिक्त सोने के आभूषण न लाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
भाई और भाभी के वहां से जाने के बाद ससुराल वालों ने पीड़िता के साथ बहस शुरू कर दी। इसी दौरान देवर रवीश ने उसके साथ हाथापाई और मारपीट की। आरोप है कि पति विशाल ने भी घर में रखा डंडा उठा लिया और रमनदीप कौर को बुरी तरह पीटा। इस मारपीट में उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज, आरोपी फरार
मारपीट के बाद पीड़िता ने अस्पताल में अपना मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट और उसके लिखित बयान के आधार पर थाना शाहपुरकंडी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने पति विशाल और देवर रवीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 118(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.