भगवान सांवलिया सेठ को भक्त ने भेंट किया सोने का दिल, 21 ग्राम वजन और कीमत लाखों में

HIGHLIGHTS
- राजस्थान के जालौर जिले के श्रद्धालु ने भगवान सांवलिया सेठ को सोने का दिल भेंट किया।
- श्रद्धालु ने हार्ट की बीमारी के इलाज के दौरान स्वस्थ होने की मन्नत मांगी थी।
- ऑपरेशन सफल होने के बाद उन्होंने अपनी मनोकामना पूरी की।
राजस्थान के जालौर जिले से भगवान सांवलिया सेठ के प्रति आस्था का एक अनोखा मामला सामने आया है। दिल की बीमारी से परेशान एक श्रद्धालु का सफल ऑपरेशन होने के बाद उसने अपनी मन्नत पूरी करते हुए भगवान को सोने से बना दिल भेंट किया। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में चढ़ाए गए इस अनोखे चढ़ावे का वजन 21 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
बीमारी के दौरान मांगी थी स्वस्थ होने की मन्नत
जानकारी के मुताबिक, जालौर जिले के रहने वाले श्रद्धालु ने हार्ट की बीमारी का इलाज कराते समय भगवान सांवलिया सेठ से स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। इसी दौरान उन्होंने मन्नत मांगी थी कि यदि उनका इलाज और ऑपरेशन सफल रहता है, तो वह भगवान को सोने से बना दिल अर्पित करेंगे।
इलाज सफल होने और ऑपरेशन के बाद श्रद्धालु ने अपनी कही हुई बात पूरी की। इसके लिए वह श्रीसांवलियाजी मंदिर पहुंचे और भगवान सांवलिया सेठ के चरणों में सोने का हृदय भेंट किया।
21 ग्राम सोने से बनाया गया दिल
श्रद्धालु ने सोने से तैयार दिल को मंदिर के भेंट कक्ष कार्यालय में जमा कराया। इसके बदले उन्हें मंदिर मंडल की ओर से रसीद भी दी गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार, सोने से बने इस हृदय का वजन 21 ग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है।
आमतौर पर मंदिरों में भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, मुकुट, हार और दूसरी कीमती वस्तुएं चढ़ाते हैं। लेकिन दिल की बीमारी से उबरने के बाद दिल के आकार का सोने का मॉडल भेंट करना अपने आप में एक अलग तरह की भक्ति और आस्था को दर्शाता है।
भगवान सांवलिया सेठ के प्रति श्रद्धालु की इस अनोखी भेंट की चर्चा अब मंदिर आने वाले भक्तों के बीच भी हो रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.