लखनऊ में राजनाथ सिंह का दावा: यूपी में भी दोहराएंगे बिहार जैसा जनादेश

रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर राजधानी पहुंचे। एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रवास के दौरान वह कार्यकर्ताओं से संवाद के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
एनडीए की जीत पर खुशी, बिहार नतीजों को बताया राजनीतिक बदलाव
पहले कार्यक्रम में राजनाथ सिंह सदर बाजार स्थित संस्कृत पाठशाला महाविद्यालय पहुंचे, जहां वरिष्ठ कार्यकर्ता संवाद में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आए हैं।
राजनाथ सिंह ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि “वायरल फीवर में भी मैंने बिहार में जनसभा की और मालदीव से लौटकर भी प्रचार में जुटा रहा। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव हुई है।”
“भ्रष्टाचार भाषण से नहीं, व्यवस्था बदलने से खत्म होता है”
रक्षा मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए जनधन खातों और लाभार्थियों तक स्ट्रेट ट्रांसफर की व्यवस्था लागू की, जिससे सरकारी सहायता बिना कटौती के सीधे जनता तक पहुंचने लगी।
उन्होंने कहा कि यूपीआई ट्रांजैक्शन के कारण लेनदेन पारदर्शी हुआ है और विश्व स्तर पर भ्रष्टाचार में कमी आई है।
लखनऊ में विकास की रफ्तार पर संतोष
राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में लखनऊ का चेहरा बदला है।
उन्होंने कहा, “ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम किया जाए तो बदलाव रोका नहीं जा सकता। आज देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।”
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय हथियारों, खासकर ब्रह्मोस मिसाइल की विश्वभर में मांग बढ़ी है। “ब्रह्मोस मिसाइल, जिसने करिश्माई प्रदर्शन किया, लखनऊ में ही तैयार होती है,” उन्होंने गर्व के साथ कहा।
“भाजपा सत्ता नहीं, राष्ट्र निर्माण की राजनीति करती है”
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा अन्य पार्टियों से अलग है क्योंकि वह जाति और धर्म की राजनीति नहीं करती।
उन्होंने दोहराया कि पार्टी का उद्देश्य सरकार बनाना नहीं, बल्कि देश बनाना है।
सिस्टम सुधार से ही रुका भ्रष्टाचार
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार रोकने का श्रेय पहली बार किसी सरकार को मिला है, क्योंकि भाजपा ने सिस्टम में वही बदलाव किए जो आवश्यक थे। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए को मिला जनादेश इसी वजह से है और 2027 में उत्तर प्रदेश में भी ऐसा ही परिणाम दोहराया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को चेतावनी—“नेतागिरी न करें”
राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि वह झूठ बोलकर राजनीति नहीं करते।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता से जुड़े रहने की अपील की और चेताया कि “जो लोग नेतागिरी में लगे हैं, उनके लिए भी हमारे पास उपचार है।”
छावनी परिषद चुनाव जल्द
रक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि छावनी परिषद का चुनाव जल्द कराया जाएगा। 2015 के बाद से यह चुनाव लंबित है और कार्यकाल 2020 में समाप्त हो चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.