रामपुर: सपा नेता के 3 पेट्रोल पंप सील, रिपोर्ट कंपनी को भेजी गई

रामपुर। इंडियन ऑयल कंपनी के एक अधिकारी की कार पर फायरिंग के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह सागर से जुड़े तीन पेट्रोल पंपों को सील करने की रिपोर्ट संबंधित पेट्रोलियम कंपनियों को भेज दी गई है। प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में इन पंपों के लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश भी की है।
बेटे की करतूत से बढ़ी मुश्किलें
दरअसल करीब दो महीने पहले सपा नेता के बेटे हिमांशु सागर का इंडियन ऑयल कंपनी के फील्ड ऑफिसर अनिल कुमार से विवाद हो गया था। आरोप है कि 14 जनवरी की रात हिमांशु ने अपने चचेरे भाई नितिन के साथ मिलकर अधिकारी की कार पर गोली चला दी थी। बताया गया कि इस घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल सपा नेता के नाम पर लाइसेंसी थी।
शस्त्र लाइसेंस पहले ही हो चुका निरस्त
पुलिस जांच के बाद एसपी ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर सपा नेता के शस्त्र लाइसेंस को रद्द करने की संस्तुति की थी। इसके आधार पर 20 मार्च को जिलाधिकारी न्यायालय ने उनका हथियार लाइसेंस निरस्त कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने उनके पेट्रोल पंपों पर भी जांच और कार्रवाई शुरू कर दी।
तीन पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई
जांच के दौरान प्रशासनिक टीम ने जिले में संचालित तीन पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की।
- मिलक क्षेत्र के विक्रमपुर गांव स्थित सागर फिलिंग स्टेशन को सील कर बिक्री लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। यह पंप HPCL से जुड़ा बताया जा रहा है।
- इसके अलावा भमरौआ स्थित सागर फ्यूल और
- शाहाबाद तहसील के रूपपुर गांव स्थित सागर फ्यूल पंपों को भी सील कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ये दोनों पंप इंडियन ऑयल कंपनी से संबद्ध हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान ने बताया कि निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट कंपनी के सेल्स ऑफिसर रितेश जैन को भेज दी गई है। कंपनी के उच्चाधिकारियों के स्तर पर अब लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
चार्जशीट में सपा नेता का भी नाम
मामले में पुलिस ने पहले अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बाद में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हिमांशु सागर और नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल कार और पिस्टल भी बरामद की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के मुताबिक जांच के बाद दाखिल आरोप पत्र में सुरेंद्र सागर का नाम भी जोड़ा गया है और मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की अतिरिक्त धाराएं भी लगाई गई हैं।
एक और पेट्रोल पंप भी जांच के घेरे में
प्रशासन की नजर अब स्वार रोड के मुरसैना क्षेत्र स्थित सागर फ्यूल प्वाइंट पर भी है। यह पेट्रोल पंप सपा नेता की बेटी कविता सागर के नाम पर बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इस पंप का भी जल्द निरीक्षण किया जाएगा।
फायरिंग के बाद अधिकारी का तबादला
जिस इंडियन ऑयल अधिकारी की कार पर गोली चलाई गई थी, उनका कंपनी ने तबादला कर दिया है। घटना के बाद उन्होंने खुद भी यहां से स्थानांतरण की मांग की थी। कंपनी ने उन्हें जम्मू भेज दिया है। फिलहाल उनकी जगह नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.