इटावा-बरेली हाईवे पर रियल एस्टेट कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

HIGHLIGHTS
- इटावा-बरेली हाईवे पर रियल एस्टेट कंपनी के कर्मचारी अरुण सिंह की कार सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
- अरुण अपनी पत्नी और ढाई वर्षीय बेटे के साथ बनारस से घूमकर हरियाणा लौट रहे थे, तभी वारदात हुई।
- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
हरदोई। पत्नी और ढाई वर्षीय बेटे के साथ बनारस घूमकर कार से हरियाणा लौट रहे रियल एस्टेट कंपनी के कर्मचारी की इटावा-बरेली हाईवे पर रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार बदमाश मोहम्मदाबाद की ओर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के पास दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वहीं, मृतक की पत्नी और दुकानदार से भी पूछताछ की गई।
हरियाणा के फरीदाबाद जिले के थाना चंदावली क्षेत्र के गांव दयालपुर निवासी अरुण सिंह (32) अपनी पत्नी राखी और ढाई वर्षीय बेटे जयंत के साथ शुक्रवार को मथुरा और आगरा घूमने गए थे। इसके बाद वे बनारस पहुंचे थे। रविवार को वह गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते कार से घर वापस लौट रहे थे।
हरदोई के रूपापुर कट से उतरने के बाद वह इटावा-बरेली हाईवे पर पांचाल घाट पहुंचे। यहां गंगा ढाबे से कुछ दूरी पर एक किराने की दुकान के पास उन्होंने कार रोकी और कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट और काला नमक खरीदा।
इसके बाद अरुण ने कोल्ड ड्रिंक में नमक डालकर पीना शुरू किया। उस समय उनकी पत्नी राखी पास में खड़ी थीं और उनकी गोद में बेटा जयंत था।
इसी दौरान उनकी कार से कुछ दूरी पर मसेनी चौराहे की तरफ खड़ी एक कार से दो लोग उतरे और अरुण के पास पहुंचे। इनमें से एक बदमाश ने पिस्टल से उनकी कनपटी पर दो गोलियां मार दीं। गोली लगते ही अरुण मौके पर गिर पड़े और वहां चीख-पुकार मच गई।
दुकानदार कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश सफेद रंग की कार में बैठकर मोहम्मदाबाद की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर कब्जे में ले ली।
बदमाशों की कार पकड़ने के लिए मोहम्मदाबाद समेत कई थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने अरुण के शव को लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी के बयान में बदलाव नजर आने पर सीओ ने लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में उससे कई दौर में अकेले पूछताछ की।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अरुण के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.