मेरठ में सनसनी: घर में सो रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत

मेरठ। जानीखुर्द थाना क्षेत्र स्थित रसूलपुर धौलड़ी गांव में गुरुवार रात एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। 75 वर्षीय किसान एजाज को उस वक्त निशाना बनाया गया, जब वह घर की बाहरी बैठक में सो रहे थे। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, एजाज अपने बेटे मैराज के साथ रहते थे। घटना के समय मैराज मस्जिद गए हुए थे और एजाज घर में अकेले थे। रात करीब 10 बजे अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां एजाज खून से लथपथ पड़े मिले। बताया जा रहा है कि उन्हें एक गोली सिर में और दो गोलियां सीने में मारी गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में जमीन से जुड़े लेन-देन को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बताया गया कि एजाज ने हाल ही में अपनी कृषि भूमि बेची थी, जिसके पैसे के बंटवारे को लेकर परिवार में मतभेद था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
इस वारदात के बाद परिवार में शोक की लहर है और पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.