शिमला: राज्य चुनाव आयोग ने पांच नगर निकायों के वार्ड मानचित्र किए जारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए राज्य चुनाव आयोग ने पांच नगर निकायों के वार्ड परिसीमन को फिर से अधिसूचित कर अंतिम रूप दे दिया है। इससे पहले 24 मई 2025 को राज्य के 73 नगर निकायों के वार्डों के परिसीमन का प्रारंभिक कार्यक्रम जारी किया गया था। इसके बाद 4 और 14 जुलाई 2025 को आधिकारिक राजपत्र में इसे प्रकाशित किया गया।
हालांकि कुछ नगर निकायों के क्षेत्र विस्तार और उन्नयन से जुड़े मामलों पर उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की गई थीं। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने इन याचिकाओं में राज्य सरकार की पूर्व अधिसूचनाओं को रद्द करते हुए निर्देश दिया कि आपत्तियों पर सुनवाई कर कानून के अनुसार निर्णय लिया जाए।
इसके बाद शहरी विकास विभाग ने संबंधित पक्षों की आपत्तियों को सुना और उनका समाधान करते हुए पांच नगर निकायों के परिसीमन की अंतिम अधिसूचना जारी की। इसमें कांगड़ा जिले के नगर परिषद ज्वालामुखी, नगर पंचायत नगरोटा सुरियां, सोलन जिले के नगर निगम बद्दी और नगर पंचायत कुनिहार तथा हमीरपुर जिले की नगर पंचायत बड़सर शामिल हैं।
राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि इन नगर निकायों के भौगोलिक क्षेत्र और जनसंख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है और जनसंख्या 2011 की जनगणना के अनुसार ही मान्य है। ऐसे में नए सिरे से परिसीमन की आवश्यकता नहीं रही और पूर्व अधिसूचित वार्ड परिसीमन को आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए अंतिम रूप से लागू किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.