सीतापुर के युवक की सऊदी में मौत, परिवार कर रहा शव की वापसी की मांग

ईरान और इज़राइल के बीच जारी संघर्ष में सऊदी अरब में काम करने गए सीतापुर के युवक रवि गोपाल की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, हमले के समय रवि अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था, अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन परिवार को सूचना मिली कि मिसाइल हमले में रवि की जान चली गई है। मृतक के परिजन अब भारत में उसके शव की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।
रियाद में फैक्टरी में काम कर रहा था रवि
महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बघाइन गांव निवासी 26 वर्षीय रवि गोपाल, पिता रवनीत, 18 सितंबर 2025 को सऊदी अरब के रियाद शहर काम करने गए थे। वह रियाद की एक प्लास्टिक फैक्टरी में कार्यरत थे। 18 मार्च की रात, फैक्टरी में काम खत्म करने के बाद रवि वहीं मौजूद थे।
फोन अचानक कट गया
भारतीय समयानुसार, रात करीब 8 बजकर 20 मिनट पर रवि ने पत्नी रितु से बात शुरू की थी। 9:53 पर उनका फोन अचानक बंद हो गया। पत्नी रितु ने बताया कि पीछे से तेज आवाज भी आई। परिजन कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं कर पाए।
अगले दिन 19 मार्च को रवि के बड़े भाई मनमोहन को रवि के दोस्त ने सूचना दी कि रियाद में हुए मिसाइल हमले में रवि की मौत हो गई है। इस खबर से परिवार स्तब्ध रह गया। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने इस मामले में जानकारी एकत्रित कर ली है।
परिवार का इकलौता कमाने वाला था रवि
रवि गोपाल घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद के लिए सऊदी जाने का फैसला किया था। परिवार में उनके पिता रवनीत काफी बुजुर्ग हैं, साथ ही पत्नी रितु और चार वर्षीय बेटा आश्रित हैं। बड़े भाई मनमोहन लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करके परिवार का सहारा हैं।
दो बार सऊदी गए रवि
रवि गोपाल का विवाह 23 सितंबर 2020 को मिश्रपुर की रितु से हुआ था। शादी के बाद वह पहली बार सऊदी गए। वर्ष 2025 में बहन की शादी के लिए भारत आए और 18 सितंबर 2025 को फिर काम के लिए सऊदी लौटे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रवि की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। दो दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन से कोई मदद नहीं मिली। परिजन शव को भारत वापस लाने के लिए भटक रहे हैं। डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.