अमेरिका में एक्सप्रेसवे पर गिरा छोटा विमान, बच्चे समेत तीन लोग सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- हादसा सैन जोस के कैपिटोल एक्सप्रेसवे और एक्सकैलिबर ड्राइव के चौराहे के पास हुआ।
- विमान का पंख स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराने के बाद टूट गया।
- दुर्घटना का पूरा दृश्य ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ।
वाशिंगटन। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन जोस में एक छोटे विमान के एक्सप्रेसवे पर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसका पंख स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गया। इसके बाद विमान अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के दौरान ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक कार के डैशकैम में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दो वयस्कों और एक बच्चे समेत तीनों लोग सुरक्षित बच गए।
स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराया विमान का पंख
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के मुताबिक, हादसा शनिवार को सैन जोस के कैपिटोल एक्सप्रेसवे और एक्सकैलिबर ड्राइव के चौराहे के पास हुआ। एक छोटा प्रोपेलर विमान अचानक काफी कम ऊंचाई पर उड़ता दिखाई दिया।
सड़क के किनारे से गुजरते समय विमान का एक पंख स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गया। टक्कर के कारण पंख टूट गया और विमान का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद विमान आगे की ओर झुकते हुए नाक के बल सड़क पर गिर गया।
घटनास्थल की तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त और मुड़ा हुआ दिखाई दिया।
विमान में सवार तीनों लोगों की बची जान
सैन जोस अग्निशमन विभाग के अनुसार, हादसे के समय विमान में दो वयस्क और एक बच्चा मौजूद थे। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन तीनों को पास के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि किसी को भी जानलेवा चोट नहीं आई है।
अधिकारियों के मुताबिक, व्यस्त एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे में कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। टक्कर के बाद सड़क पर कुछ ईंधन भी फैल गया था, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते साफ कर दिया।
24 घंटे के भीतर दूसरा विमान हादसा
सैन जोस में दो दिनों के भीतर विमान दुर्घटना की यह दूसरी घटना थी। इससे एक दिन पहले, शुक्रवार को रीड-हिलव्यू हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक अन्य छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
सैन जोस अग्निशमन विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया था कि लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान को क्रैश-लैंडिंग करनी पड़ी थी।
उस घटना में भी विमान में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए थे और खुद बाहर निकल आए थे। अधिकारियों के अनुसार, उस हादसे में ईंधन का रिसाव भी नहीं हुआ था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.