फागू और रघुपुर गढ़ में बर्फबारी: 48 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया

हिमाचल प्रदेश के फागू और जलोड़ी जोत के रघुपुर गढ़ में भारी बर्फबारी और तूफानी हवाओं के बीच फंसे 48 पर्यटकों को स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रघुपुर गढ़ में पांच पर्यटक कैंपिंग के दौरान बर्फीले तूफान में फंस गए थे। शुक्रवार सुबह उन्हें राहत पहुंचाई गई।
फागू में फंसी बसें, यात्रियों को सुरक्षित निकाला
भारी बर्फबारी के कारण फागू में पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की कई बसें फंस गईं। रोहड़ू–चामुंडा रूट पर फंसी बस में 25 यात्री सवार थे। इनमें से 12 यात्रियों को थाना ठियोग की सरकारी गाड़ी से सुरक्षित ढली चौक तक पहुंचाया गया। बाकी 13 यात्री, एक बुजुर्ग राहगीर महिला और एक अन्य सरकारी बस के यात्री एसडीएम ठियोग के निर्देशानुसार फागू स्थित होटल में ठहराए गए।
इसके अलावा रोहड़ू–धर्मशाला रूट की बस नंबर एचपी 68-6290 में सवार छह यात्रियों को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह फागू में सुरक्षित रखा गया। तीन अन्य यात्रियों को भी थाना ठियोग की गाड़ी से सुरक्षित ठियोग पहुंचाया गया। बसों के चालक और परिचालक सहित कुल आठ कर्मियों को भी होटल एप्पल ब्लॉसम, फागू में ठहराया गया। पुलिस प्रशासन ने पुष्टि की कि फागू क्षेत्र में अब किसी बस या वाहन में कोई यात्री फंसा नहीं है।
रघुपुर गढ़ में फंसे पर्यटकों की मदद
जलोड़ी जोत के रघुपुर गढ़ में फंसे पांच बाहरी राज्यों के पर्यटकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही स्थानीय रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई की और सभी पर्यटकों को सुरक्षित बंजार के सोजा तक पहुंचाया। राहत मिलने के बाद पर्यटकों ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम का धन्यवाद किया।
राजमार्ग बाधित
भारी बर्फबारी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 5 पूरी तरह से बाधित है। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा टालने की सलाह दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.