गोश्त को लेकर लड़ पड़े बराती-घराती; खुले मंच से दूल्हे ने दिया तीन तलाक

कानपुर: ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार को आयोजित निकाह समारोह उस समय विवाद और मारपीट में बदल गया, जब बरातियों और जनातियों के बीच भोजन को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में कुर्सियां और बर्तन तक चल गए। हंगामे के बीच बाद में दूल्हे ने कथित तौर पर निकाह के मंच से ही दुल्हन को तीन तलाक दे दिया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, बारामऊ गांव निवासी गुड्डू ने अपनी बेटी निशा का रिश्ता बिल्हौर निवासी पप्पू के बेटे फजल के साथ तय किया था। शनिवार को पप्पू अपने बेटे के साथ गाजे-बाजे के बीच बरात लेकर शुभम गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां निकाह की रस्में संपन्न हुईं।
इसके बाद जब जयमाल और भोजन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी बरात और जनात पक्ष के कुछ लोगों के बीच लेग पीस और खाने के पैकेट को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने अपने साथियों को बुलाकर कुर्सियों और बर्तनों से हमला कर दिया, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए।
हंगामे की सूचना दूल्हे फजल तक पहुंची तो वह मंच पर ही नाराज हो गया और कथित रूप से दुल्हन को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोग दो गुटों में बंट गए और फिर से झगड़ा शुरू हो गया। इस झगड़े में दूल्हे के पिता पप्पू समेत कई लोग घायल हो गए।
घटना के बाद देर रात तक गेस्ट हाउस में तनाव का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि दूल्हा बाद में ससुराल पक्ष से माफी मांगते हुए दुल्हन को विदा कराने की कोशिश करता रहा, लेकिन परिजनों ने इंकार कर दिया।
दुल्हन की मां ने दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने धार्मिक और सामाजिक परंपराओं के विपरीत व्यवहार किया है। उन्होंने साफ कहा कि अब वे अपनी बेटी की विदाई नहीं करेंगी और इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी के अनुसार, कुछ उपद्रवी और नशे की हालत में मौजूद लोगों को वहां से हटाया गया, हालांकि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.