गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल... पढ़ें PM मोदी के भाषण की बड़ी बातें

नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां जीत का जश्न देखने को मिला। इस मौके पर पीएम मोदी पारंपरिक बंगाली कुर्ता-पायजामा पहनकर पहुंचे, जिसने कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया। भाजपा मुख्यालय में बड़ी संख्या में समर्थक जुटे और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का उत्सव मनाया गया।
कार्यकर्ताओं की जीत बताया परिणाम
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि आज का दिन भाजपा कार्यकर्ताओं की वर्षों की तपस्या और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के चेहरों पर जो खुशी दिखाई दे रही है, वही इस जीत की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र, सुशासन और विकास की राजनीति पर जनता के भरोसे की जीत है।
बंगाल, असम समेत राज्यों की जनता को धन्यवाद
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन चुनावों ने साबित कर दिया है कि जनता अब प्रदर्शन के आधार पर फैसला करती है।
असम में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए को जनादेश मिलने पर उन्होंने कहा कि राज्य अब और तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। वहीं पुडुचेरी की जनता ने भी एक बार फिर भाजपा गठबंधन पर भरोसा जताया है।
लोकतंत्र हमारी परंपरा है
प्रधानमंत्री ने कहा कि हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इन चुनावों ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत को लोकतंत्र की जननी क्यों कहा जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत के लिए सिर्फ व्यवस्था नहीं, बल्कि संस्कृति और संस्कार है।
उन्होंने यह भी कहा कि इन चुनावों में संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं पर जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।

बंगाल में बदलाव की शुरुआत
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रदर्शन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राज्य के भाग्य में आज नया अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि बंगाल अब भय और हिंसा की राजनीति से बाहर निकलकर विकास और विश्वास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि बंगाल और केरल में पार्टी कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक कठिनाइयां झेलीं, लेकिन लोकतांत्रिक रास्ता नहीं छोड़ा।
महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए वादे
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को लागू किया जाएगा।
साथ ही अवैध घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया।
हिंसा नहीं, विकास की राजनीति हो
पीएम मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि अब बंगाल में बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म हो चुके हैं, अब राज्य के विकास और जनता की सेवा पर ध्यान देने का समय है।
भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल
प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले ही भाजपा मुख्यालय में जश्न शुरू हो चुका था। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, नारों और मिठाइयों के साथ जीत का स्वागत किया। असम की जीत और बंगाल में बढ़त से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.