गोरखपुर में छठ के दौरान दो की डूबकर मौत, श्रद्धा का पर्व मातम में बदला

गोरखपुर। छठ महापर्व की भोर मंगलवार को दो परिवारों के लिए गमगीन साबित हुई। जिले के गोला और बड़हलगंज क्षेत्रों में अर्घ्य और स्नान के दौरान किशोर समेत दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मचा है।
पहली घटना गोला क्षेत्र के डांडी खास गांव की है, जहां 35 वर्षीय चंदन पुत्र बाबूलाल छठव्रतियों के साथ अर्घ्य देने पहुंचे थे। अर्घ्य देने के बाद जब वे स्नान करने लगे, तो पैर फिसलने से पोखरे के गहरे हिस्से में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह डूब चुके थे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और सीएचसी गोला ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि चंदन के परिवार में कोई व्रती नहीं था, वह श्रद्धा के भाव से पोखरे पर पहुंचा था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक की पत्नी संजना अपने मायके में छठ मना रही थी।
दूसरी घटना बड़हलगंज क्षेत्र के अहिरौली (द्वितीय) गांव की है। यहां 17 वर्षीय कमलेश, जो सकराखोर का रहने वाला था, तालाब में डूब गया। वह अपनी मौसी के घर छठ मनाने आया था। सोमवार रात अर्घ्य देने के बाद मंगलवार सुबह तैरने गया था। तालाब में पहले से कुछ युवक नहा रहे थे, तभी वह गहरे पानी में चला गया। ग्रामीणों और युवकों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
कमलेश गांधी इंटर कॉलेज, महुआपार में कक्षा 11 का छात्र था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में मातम छा गया। मां बार-बार बेहोश हो रही हैं, जबकि पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.