यूपी: 14 दिन बाद ककरदारी जंगल से भाकियू महिला नेता आंचल के शव के टुकड़े बरामद

श्रावस्ती। दो हफ्ते पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आंचल मिश्रा के शव के हिस्से नेपाल सीमा के पास ककरदरी जंगल में अलग-अलग स्थानों पर बरामद हुए। पुलिस ने एसएसबी के खोजी कुत्तों की मदद से शव के अवशेष एकत्र किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत फतेहपुर बनगई के बांसगढ़ी गांव की निवासी आंचल मिश्रा 17 फरवरी को भिनगा में एक बैठक में शामिल होने गई थीं। इसके बाद वह घर नहीं लौटीं। पति संतोष मिश्रा ने 19 फरवरी को मल्हीपुर थाना में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी और मंगलवार को ककरदरी जंगल से मानव अवशेष मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह और उनकी टीम ने जूता, मोजा, अधजली साड़ी, पर्स, टूटी चूड़ी और जबड़ा बरामद किया।
एसएसबी के खोजी कुत्तों की सहायता से सिर, रीढ़ की हड्डी, पैर की हड्डी और अन्य शरीर के हिस्से भी मिले। पति संतोष मिश्रा ने पर्स, जूता और साड़ी देखकर पत्नी की पहचान की।
मल्हीपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव के अवशेष बरामद कर लिए गए हैं। मृतका के परिवार के सदस्यों के थाने पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.