यूपी सरकार का फैसला: बिहार मूल के कर्मियों को चुनाव के दिन मिलेगा सवैतनिक अवकाश

लखनऊ। राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश में कार्यरत बिहार मूल के सरकारी कर्मचारियों और दैनिक वेतन भोगियों को अपने गृह राज्य में मतदान करने जाने के लिए सवैतनिक अवकाश की अनुमति प्रदान कर दी है। यह फैसला मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध के बाद लिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के तहत 6 और 11 नवंबर को मतदान होना है। उत्तर प्रदेश में हजारों की संख्या में बिहार के निवासी सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। राज्य सरकार के इस निर्णय से वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर मतदान कर सकेंगे।
सीएम योगी आज बिहार में तीन जनसभाएं करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिहार में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में तीन अलग-अलग जनसभाएं करेंगे।
सीएम सुबह लखनऊ से प्रस्थान कर सबसे पहले सिवान पहुंचेंगे, जहां पहली सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे वैशाली जिले के लालगंज में दूसरी जनसभा में भाग लेंगे। तीसरी सभा भोजपुर जिले के गड़हनी स्थित अगियांव विधानसभा क्षेत्र में होगी। शाम तक मुख्यमंत्री लखनऊ लौट आएंगे।
छठ पर्व पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ मुजफ्फरपुर की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) अदालत में एक परिवाद दर्ज किया गया है।
यह शिकायत छठ पर्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ी है। अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने बुधवार को यह परिवाद दायर किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है।
अदालत ने इस मामले की सुनवाई की तारीख 11 नवंबर 2025 तय की है। ओझा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मुजफ्फरपुर में एक सभा में छठ पर्व, जो हिंदू आस्था से जुड़ा प्रमुख त्योहार है, के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर भी अमर्यादित वक्तव्य दिया, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.