यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 2025: मुख्य सचिव ने परीक्षा में किसी भी चूक न होने के दिए निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने पुलिस उपनिरीक्षक और समकक्ष पदों पर होने वाली सीधी भर्ती परीक्षा–2025 को शुचितापूर्वक आयोजित कराने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की त्रुटि या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर केवल प्रवेश पत्र, काला या नीला पेन और पहचान पत्र लेकर ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए। उन्होंने परीक्षा से पहले सभी तैयारियों, प्रशिक्षण और ब्रीफिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा, क्योंकि किसी एक स्थान पर हुई चूक पूरे परीक्षा तंत्र को प्रभावित कर सकती है।
परीक्षा की तैयारी और सुरक्षा
एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों, पुलिस कमिश्नरों और एसएसपी के साथ विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण, कक्षों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि नोडल अधिकारी (प्रशासन) पूरी तैयारी और परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे। परीक्षा सामग्री को परीक्षा केंद्र तक पहुँचाने के लिए सुरक्षित और न्यूनतम दूरी वाले मार्ग का चयन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाएं
अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग सावधानीपूर्वक की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान थानाध्यक्ष, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी और उपजिलाधिकारी निगरानी करेंगे। उन्होंने डायल-112 वाहनों की तैनाती और अभ्यर्थियों के रेल और बस से आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
साथ ही मुख्य सचिव ने होटल और आवासीय प्रतिष्ठानों द्वारा ओवरचार्जिंग पर भी नजर रखने और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
परीक्षा की विस्तृत जानकारी
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने बताया कि 4543 पदों पर भर्ती के लिए 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी:
-
पहली पाली: सुबह 10 बजे से 12 बजे
-
दूसरी पाली: अपराह्न 3 बजे से 5 बजे
इस परीक्षा में कुल 15,75,760 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.