यूपी: दो आईएएस और आठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए दो आईएएस और आठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले आदेशित किए। सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार विभागीय अदला-बदली के साथ कई अफसरों की नई तैनाती तय की गई है।
आईएएस अधिकारियों में रमेश कुमार को विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण से स्थानांतरित कर विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग नियुक्त किया गया है। वहीं शीलधर सिंह यादव को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से हटाकर विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीसीएस अधिकारियों में किए गए बदलावों के अनुसार, हरि प्रताप सिंह को एसडीएम इटावा से स्थानांतरित कर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में एसडीएम बनाया गया है। अरविंद कुमार मिश्रा, जो अब तक प्रतीक्षारत सूची में थे, को एसडीएम नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है। विशाल सारस्वत को नव नियुक्ति के तौर पर अंबेडकर नगर में एसडीएम प्रशिक्षण पर भेजा गया है।
इसके अलावा स्वाति शुक्ला को राजस्व परिषद से स्थानांतरित कर उप निदेशक, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में तैनात किया गया है। प्रतीत त्रिपाठी को राजस्व परिषद से हटाकर एसडीएम रामपुर बनाया गया, जबकि संतोष कुमार ओझा को मिर्जापुर में एसडीएम पद की जिम्मेदारी मिली है। विवेक राजपूत अब रायबरेली के नए एसडीएम होंगे। बदायूं में एसडीएम पद पर कार्यरत रही प्रियंका को प्रमोशन के साथ गौतमबुद्ध नगर में एडीएम न्यायिक नियुक्त किया गया है।
इससे पहले यूपी पुलिस में हुआ था बड़ा फेरबदल
कुछ दिन पहले ही राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में एक साथ 23 पीपीएस अधिकारियों का तबादला कर बड़ा बदलाव किया था। आदेश के अनुसार, गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट से वाराणसी कमिश्नरेट स्थानांतरित हो रहे अपर पुलिस उपायुक्त बी.एस. वीर कुमार को नई पोस्टिंग गाजियाबाद में 47वीं बटालियन पीएसी में उपसेनानायक के रूप में मिली।
गाजियाबाद कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त सच्चिदानंद को लखनऊ एसएसएफ मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं फतेहगढ़ में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार को 27वीं बटालियन पीएसी सीतापुर भेजा गया।
इटावा में एएसपी अपराध रहे सुबोध गौतम को हरदोई में एएसपी पूर्वी बनाया गया है। हरदोई के पूर्व एएसपी नृपेन्द्र अब वाराणसी कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त होंगे। कुशीनगर के एएसपी निवेश कटियार को लखनऊ में यूपी-112 यूनिट में पदस्थ किया गया है। यूपी-112 में तैनात रहे दिनेश कुमार पुरी अब गोरखपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) होंगे।
इसके अलावा, डीजीपी मुख्यालय से सुरक्षा विंग गोरखपुर भेजे गए संतोष कुमार-II का स्थानांतरण आदेश निरस्त कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.