यूपी के युवाओं को मिलेंगे 25 लाख फ्री टैबलेट, योगी कैबिनेट ने खरीद प्रस्ताव को दी मंजूरी

HIGHLIGHTS
- पात्र युवाओं को निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे टैबलेट
- वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान
- योजना पांच वर्ष के लिए लागू है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
टेंडर प्रक्रिया में चयनित संस्थाओं को क्रय आदेश जारी करने की मंजूरी के साथ प्रदेश के युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। ये टैबलेट पात्र युवाओं को निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, एमबीबीएस इंटर्न्स का मासिक भत्ता 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है।
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना पांच वर्ष के लिए लागू है। योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए आधुनिक टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। खास बात यह है कि इस योजना से केंद्र सरकार पर कोई अतिरिक्त व्यय भार नहीं पड़ेगा।
मिलेगा डिजिटल सपोर्ट
योजना के तहत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, कौशल विकास समेत विभिन्न शिक्षण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र युवाओं को निशुल्क टैबलेट दिए जाएंगे। इससे विद्यार्थी अपने शैक्षिक पाठ्यक्रम को डिजिटल माध्यम से बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे और तकनीक आधारित अध्ययन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
टैबलेट मिलने से युवाओं को सरकारी और गैर-सरकारी योजनाओं, ऑनलाइन प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी सेवाओं तक पहुंच बनाने में भी सहायता मिलेगी। योगी सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
कौशल प्रशिक्षण से जुड़े युवाओं को भी मिलेगा लाभ
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि कैबिनेट के इस फैसले से उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कौशल विकास प्रशिक्षण और आईटीआई से जुड़े पंजीकृत कुशल युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
डिजिटल संसाधनों तक आसान पहुंच से प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होने के साथ युवाओं की रोजगारपरक दक्षता भी बढ़ेगी। तकनीकी रूप से सक्षम युवा वर्ग रोजगार सृजन और सेवा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.