वाराणसी एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही अकासा एयर के विमान से टकराया पक्षी, 188 लोग थे सवार

HIGHLIGHTS
- विमान ने रात 10 बजे वाराणसी से उड़ान भरी थी
- बर्ड स्ट्राइक के बाद रात 10:51 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई
- विमान में 182 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाराणसी से मंगलवार देर रात नवी मुंबई के लिए रवाना हुई अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 बर्ड स्ट्राइक की घटना के बाद वापस एयरपोर्ट लौट आई। उड़ान भरने के दौरान विमान से पक्षी टकराने के बाद पायलट ने विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का फैसला किया। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
अकासा एयर की फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय रात 7:55 बजे था। विमान ने रात 10 बजे उड़ान भरी। इसके बाद उड़ान के दौरान बर्ड स्ट्राइक की घटना हुई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस वाराणसी एयरपोर्ट लाने का निर्णय लिया और रात 10:51 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
विमान में 182 यात्री और छह क्रू सदस्य समेत कुल 188 लोग सवार थे। विमान के वापस लौटने के बाद संबंधित अधिकारियों ने इसकी तकनीकी जांच शुरू की। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को होटल में ठहराया गया और अगले दिन अन्य उड़ानों के जरिए उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हालांकि, 25 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी।
बर्ड स्ट्राइक के कारण विमान के इंजन के प्रभावित होने की जानकारी मिली। विमान को ठीक करने का प्रयास मुंबई से आई इंजीनियरों की टीम ने बुधवार रात तक जारी रखा। बुधवार रात 8:30 बजे विमान के ठीक होने के बाद वह क्रू मेंबर्स को लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ।
यह वही विमान था, जिसमें बीमार यात्री के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। इसी वजह से विमान दो घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचा था और वापसी के दौरान बर्ड स्ट्राइक की घटना हो गई।
वाराणसी एयरपोर्ट पर बर्ड स्ट्राइक की आशंका को लेकर दैनिक जागरण ने गुरुवार के अंक में एयरपोर्ट प्रशासन को आगाह किया था। हालांकि, कोई खास कार्रवाई न होने के कारण यह घटना हुई। इस घटना ने एयरपोर्ट प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए उचित कदम उठाने की आवश्यकता को सामने रखा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.