दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न, ठंड के बीच बारिश की एंट्री

देश के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। राजधानी दिल्ली एक बार फिर तीखी ठंड की गिरफ्त में है। पिछले दो दिनों से दिल्ली में शीतलहर जैसे हालात बने हुए थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक बदलाव दिखाया। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान और नीचे चला गया और ठिठुरन बढ़ गई। बारिश के कारण लोगों को ठंड का अहसास पहले से ज्यादा तीव्र महसूस हुआ।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिन का अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शाम और रात के समय हल्की धुंध छाने की संभावना भी जताई गई है।
आईएमडी के मुताबिक, 10 से 12 जनवरी के बीच दिल्ली में मौसम सामान्यतः साफ बना रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री और न्यूनतम 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, 13 और 14 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और इन दिनों भी सुबह के वक्त कोहरा बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने खास तौर पर सुबह के समय सतर्कता बरतने की सलाह दी है और वाहन चालकों को कम दृश्यता के कारण सावधानी से ड्राइव करने को कहा है।
इस हल्की बारिश का एक सकारात्मक पहलू राजधानी की हवा पर भी देखने को मिल सकता है। हालांकि फिलहाल दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, शुक्रवार सुबह राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 318 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट आ सकती है और लोगों को आंशिक राहत मिलेगी।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण की स्थिति पर नजर डालें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार अलीपुर में AQI 280, आनंद विहार में 385, अशोक विहार में 328, आया नगर में 299, बवाना में 276, बुराड़ी में 278 और चांदनी चौक में 335 दर्ज किया गया।
इसके अलावा डीटीयू क्षेत्र में 289, द्वारका सेक्टर-8 में 346, आईजीआई एयरपोर्ट टी-3 पर 252, आईटीओ में 307, जहांगीरपुरी में 340, लोधी रोड पर 295, मुंडका में 326, नजफगढ़ में 278, नरेला में 296, पंजाबी बाग में 330, आरकेपुरम में 385, रोहिणी में 335, सोनिया विहार में 315, विवेक विहार में 368 और वजीरपुर में 336 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.