यूपी में कल से बदलेगा मौसम, बारिश और ओलों का अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। कड़ाके की ठंड और उसके बाद तापमान में आई बढ़ोतरी के बीच अब प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से पश्चिमी यूपी में वर्षा की संभावना जताई है, जो आगे चलकर पूर्वी और मध्य क्षेत्रों तक फैल सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं, जिसके चलते कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 जनवरी की देर शाम या रात से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को बारिश का असर पूर्वी यूपी तक पहुंचने की संभावना है। 24 जनवरी को इसमें कमी आएगी और 25 जनवरी को मौसम शुष्क हो सकता है।
इस दौरान तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा। 22 से 24 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की अस्थायी बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले 48 घंटों में तापमान में फिर उतना ही इजाफा होने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 26 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पश्चिमी यूपी में दोबारा बारिश शुरू होगी। यह असर 27 जनवरी तक पूर्वी जिलों तक पहुंच सकता है और अगले एक-दो दिनों तक बना रह सकता है।
इसके अलावा 23 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। इन्हीं कारणों से मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.