गुजरात में शादी का भोज बना आफत, 400 से ज्यादा लोग बीमार

गुजरात के दाहोद जिले के अबोलोड गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम और अफरातफरी में बदल गईं, जब भोज के बाद सैकड़ों लोग अचानक बीमार पड़ गए। एक ही शादी समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव में आयोजित शादी समारोह में करीब 1200 लोग शामिल हुए थे। लेकिन खाना खाने के कुछ ही घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई।
बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बीमार
शुरुआत में बुजुर्गों को पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई। इसके बाद उल्टी और दस्त जैसे लक्षण तेजी से फैलने लगे। धीरे-धीरे हालात ऐसे हो गए कि बच्चे, युवा और महिलाएं भी इसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम के भोज के बाद करीब दो घंटे के भीतर ही स्थिति बिगड़ने लगी, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
एम्बुलेंस की आवाज से गूंजा गांव
एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 108 एम्बुलेंस की आवाजें पूरे क्षेत्र में गूंजने लगीं। जिन मरीजों को एम्बुलेंस नहीं मिल सकी, उन्हें परिजन निजी वाहनों से तुरंत दाहोद के जाइडस अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में भी मची अफरा-तफरी
रात 12 बजे तक मरीजों की संख्या 400 से ज्यादा पहुंच गई थी, जिससे अस्पताल में अचानक भारी दबाव बन गया। अस्पताल प्रशासन को तुरंत इमरजेंसी मोड में काम करना पड़ा और डॉक्टरों ने मरीजों का इलाज तेज गति से शुरू किया।
प्रशासन और विधायक मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही गरबाड़ा विधायक महेंद्रभाई भाभोर अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शादी में परोसी गई पनीर की सब्जी या आम के रस के कारण यह फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से खाने के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.