15 अगस्त को दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? सुबह से बारिश के आसार, जानें IMD का अपडेट

HIGHLIGHTS
- 15 अगस्त की सुबह 4 से 9 बजे के बीच बारिश की सबसे ज्यादा संभावना जताई गई है।
- लाल किले पर सुबह 7 से 10 बजे तक होने वाले समारोह के दौरान बादल छाए रह सकते हैं।
- अगस्त में अब तक दिल्ली में 221.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
दिल्ली में इस बार स्वतंत्रता दिवस का जश्न बादल और बारिश के बीच मनाया जाएगा। 15 अगस्त की सुबह मौसम का मिजाज भीगा-भीगा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह चार बजे से नौ बजे तक पांच मिमी बारिश होने की 60-70 फीसदी संभावना जताई है। दोपहर के बाद भी रुक-रुककर हल्की बारिश जारी रह सकती है।
लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह सुबह सात बजे से करीब दस बजे तक चलेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों के बीच कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।
सुबह चार बजे से बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, सुबह चार बजे से छह बजे तक बारिश की 70 फीसदी और सुबह छह बजे से नौ बजे तक 60 फीसदी संभावना है। दिन के दौरान भी मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है। सुबह से दोपहर के समय बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि शाम और रात में बारिश कुछ कम होने की संभावना है। इससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज खुशगवार रहा। हालांकि उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर 12 बजे के बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई। शुक्रवार को मौसम विभाग ने शाम साढ़े चार बजे तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था।
अगस्त में अब तक 221.4 मिमी बारिश
अगस्त में अब तक कुल 221.4 मिमी बारिश हो चुकी है। वहीं, गुरुवार से शुक्रवार के बीच 24 घंटे में करीब 20.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
13 अगस्त को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो शुक्रवार को गिरकर 30.5 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी घटा और 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 16 से 20 अगस्त तक न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
क्यों हो रही है दिल्ली में बारिश?
दिल्ली में हल्की बारिश का दौर 20 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय सक्रिय मानसून ट्रफ दिल्ली में बारिश की मुख्य वजह है। पूर्व-पश्चिम दिशा में बनी मौसमी प्रणाली भी फिलहाल दिल्ली के करीब है, जिसके चलते बारिश का दौर बना हुआ है।
मानसून ट्रफ की स्थिति में बदलाव होने के बाद बारिश की गतिविधियों के हल्का पड़ने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.