आगरा में घर में काम करने वाली महिलाओं ने चुराए एक करोड़ के गहने, 4 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- आगरा के अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में एक करोड़ रुपये के गहनों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया।
- घर में काम करने वाली चार महिलाओं को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।
- चोरी हुए 17 सोने के सिक्के अब भी बरामद नहीं हो सके, पुलिस तलाश में जुटी है।
आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने विजयनगर स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में हुई बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी महिलाएं संबंधित घर में घरेलू काम करती थीं। उनकी निशानदेही पर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
यह वारदात ओल्ड विजय नगर कॉलोनी स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट निवासी कारोबारी अनिल कुमार कौशिक के घर हुई थी। उनके यहां चांदनी नाम की युवती घरेलू काम करने आती थी। परिवार को जानकारी दिए बिना घर से कई दिनों से धीरे-धीरे आभूषण गायब किए जा रहे थे। एक अगस्त को परिवार को बेड पर आभूषणों का एक खाली बैग मिला, जिसके बाद उन्हें चोरी की आशंका हुई। जांच करने पर 17 सोने के सिक्कों सहित करीब एक करोड़ रुपये के जेवर गायब मिले।
घटना की सूचना मिलने पर कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि विजय नगर के महाराष्ट्रीयन मोहल्ला निवासी चांदनी उनके घर काम करने आती थी। उसके साथ उसकी बहन पूजा, संजना और उनकी मां विमला भी बारी-बारी से घर में काम करती थीं।
पुलिस ने संदेह के आधार पर चारों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपियों के घर से बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए। इसके अलावा चांदनी के पुरुष मित्र के घर से भी काफी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया।
हालांकि कारोबारी के घर से चोरी हुए 17 सोने के सिक्के अभी तक बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, परिवार ने घरेलू कामगार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि यदि सत्यापन कराया गया होता तो इस वारदात से बचा जा सकता था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.