बरेली: कुतुबखाना मंडी में रातों-रात कार्रवाई, नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण

बरेली। शहर की कुतुबखाना मंडी में शुक्रवार देर रात नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई सुर्खियों में रही। जिला उद्योग बंधु की बैठक में मिली शिकायतों के बाद निगम टीम ने पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई। दो बुलडोजरों के साथ शुरू हुई कार्रवाई करीब दो घंटे तक चली।
रात 10 बजे के आसपास नगर निगम की प्रवर्तन टीम कुतुबखाना सब्जी मंडी पहुंची। मंडी में लंबे समय से सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए फड़ और बढ़े हुए अतिक्रमण को निशाना बनाया गया। टीम के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। फड़ संचालक कार्रवाई का विरोध करते हुए धरना देने की चेतावनी तक देते दिखे।
विक्रेताओं का आरोप था कि वे नियमित रूप से नगर निगम के नाम पर प्रतिदिन 60 रुपये की रसीद कटवाते हैं, इसके बावजूद उनके फड़ों को हटाना अनुचित है। कई दुकानदारों ने इसे ‘एकतरफा कार्रवाई’ बताते हुए नाराजगी जताई।
करीब एक साल पहले भी निगम ने इसी मंडी में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया था, लेकिन उस दौरान तीव्र विरोध के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। अब शिकायतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम ने दोबारा सख्ती दिखाते हुए यह अभियान शुरू किया है।
नगर निगम के अवर अभियंता अनुराग कमल ने बताया कि कुतुबखाना मंडी में अतिक्रमण को लेकर आईजीआरएस और विभागीय स्तर पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर अभियान चलाया गया है और यह आगे भी जारी रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.