सोनभद्र में कार और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर, तीन की मौत, 16 घायल

HIGHLIGHTS
- टेंपो में सवार लोग धरतीडांड़ से किरबिल विजयदशमी का मेला देखने जा रहे थे।
- नधिरा जंगल के पास मोड़ पर सामने से आ रही कार से टेंपो टकरा गया।
- हादसे के बाद बभनी और म्योरपुर पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
सोनभद्र। रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के पास मंगलवार को कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर बभनी और म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बभनी और म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
जानकारी के मुताबिक, टेंपो में सवार लोग धरतीडांड़ से विजयदशमी का मेला देखने के लिए किरबिल जा रहे थे। इसी दौरान नधिरा जंगल के पास मोड़ पर सामने से आ रही कार से टेंपो की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में बैठे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नधिरा निवासी 12 वर्षीय अंकुश पुत्र रामकुमार की मौत हो गई। वहीं, बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से म्योरपुर ले जाई गईं नधिरा पूर्वी टोला निवासी 23 वर्षीय राजकुमारी पत्नी उदय को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नधिरा टोला निवासी 35 वर्षीय अंजली पत्नी राजेश खरवार और धरतीडांड़ निवासी 25 वर्षीय सुनील गुप्ता पुत्र भोलानाथ समेत कई घायलों को भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल सुनील गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन बताया गया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 वर्षीय लवकुश, दो वर्षीय छोटी, 28 वर्षीय मंजू, डेढ़ वर्षीय शिवांश, 60 वर्षीय फूलमती, 28 वर्षीय पूजा, सात वर्षीय पूर्णिमा, पांच वर्षीय आकृति, पांच वर्षीय अयांश, सात वर्षीय उषा, 37 वर्षीय हीनकुंवर और 45 वर्षीय पानमति समेत अन्य घायलों का उपचार किया गया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। एक साथ कई घायलों के अस्पताल पहुंचने से वहां अफरातफरी की स्थिति बन गई। हादसे की खबर मिलने के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.