दिल्ली हाई कोर्ट को बम धमकी वाला ईमेल, परिसर कराया गया खाली; बम स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा

HIGHLIGHTS
- दिल्ली हाई कोर्ट को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली।
- धमकी के बाद जजों, वकीलों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को परिसर से बाहर निकाला गया।
- अदालत की सुनवाई स्थगित कर दी गई।
नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय को ईमेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी के बाद उच्च न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। हालांकि, प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बावजूद सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न बरतते हुए पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, वकीलों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को तत्काल परिसर से बाहर निकाल दिया गया। इसके साथ ही अदालत की सुनवाई भी स्थगित कर दी गई। बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की बारीकी से जांच शुरू की। तलाशी के दौरान अभी तक किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है।
हाई कोर्ट परिसर में चल रही जांच
दिल्ली हाई कोर्ट के जॉइंट सेक्रेटरी और एडवोकेट कुणाल ने कहा कि बम की धमकी झूठी लग रही है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि बम स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे परिसर की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी तरह का खतरा नहीं है।
ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी किसने और किस उद्देश्य से भेजी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.