यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर सीएम योगी की बड़ी समीक्षा बैठक आज

उत्तर प्रदेश में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक करेंगे।
सभी वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे शामिल
इस अहम बैठक में सभी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, आईजी/डीआईजी रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक और जिला विद्यालय निरीक्षक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में परीक्षा तैयारियों के साथ-साथ राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
25 से 27 अप्रैल तक होगी परीक्षा
प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे, अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया नकलमुक्त एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।
सुरक्षा और निगरानी पर खास जोर
मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक के दौरान संवेदनशील जिलों, परीक्षा केंद्रों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दे सकते हैं। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करने की स्पष्ट नीति सरकार ने अपनाई है।
नकल और गड़बड़ी पर सख्त रुख
योगी सरकार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या पेपर लीक जैसी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू रहेगी। ऐसे मामलों में तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसी को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल हों और अपने-अपने जिलों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.