कन्नौज: पति की हत्या के बाद रो-रोकर दर्ज कराया केस, जांच में पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड

HIGHLIGHTS
- अगले दिन पत्नी संध्या ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई
- जांच में फिरोजपुर निवासी अजय के साथ संध्या के संबंध सामने आए
- अजय की निशानदेही पर खून से सना डंडा और गड़ासा बरामद हुआ
कन्नौज। जिस पत्नी ने पति की हत्या के बाद पुलिस के सामने रोते हुए अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, वही बाद में हत्या की मुख्य साजिशकर्ता निकली। पति को अवैध संबंधों में बाधा मानते हुए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय की अदालत ने साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पत्नी संध्या और उसके प्रेमी अजय को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
मामला तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के धरमंगदपुर गांव का है। 26 जून 2023 की रात मनोज कुमार पाल की हत्या कर दी गई थी। अगले दिन 27 जून को उसकी पत्नी संध्या रोते हुए थाने पहुंची और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो संध्या के बयानों में बार-बार बदलाव सामने आया। गहन जांच के दौरान फिरोजपुर निवासी अजय के साथ संध्या के अवैध संबंधों की जानकारी सामने आई।
संदेह बढ़ने पर पुलिस ने अजय की निशानदेही पर उसके घर के पीछे स्थित खेत से खून से सना डंडा और लोहे का गड़ासा बरामद किया। इसके बाद फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट से मामले में अहम खुलासा हुआ। हथियार पर मिले खून के नमूनों की जांच में मृतक के साथ-साथ उसकी पत्नी के रक्त के निशान भी पाए गए। पुलिस की सख्ती से पूछताछ के बाद संध्या ने अजय के साथ मिलकर साजिश रचने और पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में चार्जशीट दाखिल की थी। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय हरिप्रसाद ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फॉरेंसिक साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए संध्या और अजय को उम्रकैद की सजा सुनाई। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
फैसला आने के बाद पुलिस ने दोनों दोषियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि मनोज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी हत्या के बाद परिवार का इकलौता सहारा खत्म हो गया। अब संध्या और उसका प्रेमी अजय उम्रभर जेल में रहेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.