संगठन और सरकार मिलकर यूपी को विकास की नई दिशा देंगे: योगी

लखनऊ। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के औपचारिक एलान के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अब पार्टी संगठन और प्रदेश सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप आगे बढ़ाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश की छवि में बड़ा बदलाव आया है। कानून-व्यवस्था में सुधार होने से निवेश का माहौल बना और देश-विदेश के निवेशकों का भरोसा उत्तर प्रदेश पर बढ़ा। केंद्र सरकार से लगातार सहयोग मिला और राज्य के विकास से जुड़ी मांगों को पूरा किया गया। पहली बार निवेशकों के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी जैसी पहल हुई, जिससे उत्तर प्रदेश ‘बीमारू’ राज्य की छवि से बाहर निकलकर विकास की राह पर आगे बढ़ा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश की पहचान केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि विकास और सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ गई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद राम मंदिर के लिए भूमि पूजन हुआ, मंदिर का उद्घाटन हुआ और हाल ही में ध्वजारोहण के साथ इसके पूर्ण होने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे और मेट्रो नेटवर्क वाला राज्य अब उत्तर प्रदेश बन चुका है। पहले जहां बिजली आपूर्ति सीमित थी, वहीं अब प्रदेश को इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में पहचान मिल रही है। यह बदलाव डबल इंजन सरकार की वजह से संभव हो पाया है।
विशेष गहन पुनरीक्षण पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर भी बात की। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी नीयत और पारदर्शिता के साथ की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता सूची में शामिल हों और फर्जी नामों की पहचान कर उन्हें हटाया जा सके। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे घर-घर जाकर लोगों की मदद करें और साफ-सुथरी मतदाता सूची तैयार करने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि एक सशक्त और शुद्ध मतदाता सूची से चुनावी तैयारियों का बड़ा हिस्सा अपने आप पूरा हो जाता है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे आने वाले एक महीने तक केवल बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.