ठंड और कोहरे की मार: यूपी के कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को पश्चिमी और तराई क्षेत्रों के कई जिलों में ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया। घने कोहरे के साथ चली सर्द पछुआ हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया। जिन इलाकों में दिन के समय धूप निकली, वहां भी ठिठुरन कम नहीं हुई। कानपुर, इटावा, बाराबंकी, शाहजहांपुर, बरेली और हरदोई सहित कई जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस कानपुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 13 जिलों में घने कोहरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। इसके अलावा 22 जिलों में दिन के तापमान में तेज गिरावट के चलते शीत दिवस जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
इन इलाकों में शीतलहर के आसार
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को कानपुर और इटावा में आंशिक शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इसका असर बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में शीत दिवस की चेतावनी
मौसम विभाग ने कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है।
राजधानी में ठंड का असर और बढ़ा
राजधानी लखनऊ में भी सर्द पछुआ हवाओं का असर बना रहा। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात न्यूनतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कोहरे के साथ ठंड अपने चरम पर पहुंच गई। रविवार सुबह घने कोहरे के बाद दिन चढ़ने पर कुछ समय के लिए हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन वह बेअसर साबित हुई। दिन के तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, जबकि रात की ठंड ने लोगों को अधिक परेशान किया।
डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी और शुष्क पछुआ हवाओं के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। दिन के समय ठंडी हवाएं, कोहरा और कमजोर धूप के कारण शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रही। आने वाले दिनों में भी घने कोहरे और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रहने से तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.