प्रियंका के जन्मदिन से यूपी में सालभर चलेगा कांग्रेस का 'परिवर्तन प्रतिज्ञा' अभियान

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन 12 जनवरी से कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा सालभर चलने वाले “परिवर्तन प्रतिज्ञा” अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक सामाजिक न्याय और पिछड़ा वर्ग से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश मुख्यालय पर 12 जनवरी को प्रियंका गांधी का जन्मदिन “परिवर्तन प्रतिज्ञा दिवस” के रूप में मनाया जाएगा और इसी अवसर पर पूरे साल के कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया जाएगा। समारोह में कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत पिछड़ों की भागीदारी और उनके अधिकारों के मुद्दों पर कार्यक्रम चलाए जाएंगे। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कांग्रेस नेतृत्व का संदेश विद्यार्थियों तक पहुँचाया जाएगा। युवाओं को यह समझाया जाएगा कि वर्तमान भाजपा सरकार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों में किस तरह कटौती कर रही है।
इसके अलावा विभिन्न बाजारों में नुक्कड़ नाटक और जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में परिवर्तन प्रतिज्ञा संवाद, पदयात्रा और मैराथन जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे। जिला और मंडल स्तर पर आयोजित सम्मेलनों में पिछड़ा वर्ग से जुड़ी घटनाओं और उनके वास्तविक अनुभवों को जनता के सामने रखा जाएगा।
कांग्रेस का उद्देश्य इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जनमत एकत्रित करना है। कार्यक्रमों में भाजपा और आरएसएस की पिछड़ा वर्ग विरोधी नीतियों को उजागर किया जाएगा और लोगों को सही तथ्यों के आधार पर जागरूक किया जाएगा। पूरे साल अभियान समाप्त होने के बाद, 12 जनवरी 2027 को प्रदेश स्तरीय परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली आयोजित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.