SIR के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ पर महारैली

नई दिल्ली। राजधानी के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की ओर से महारैली आयोजित की जा रही है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि रैली में संगठन के प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। आयोजन को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि किसी को असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि जो कार्यकर्ता अन्य राज्यों से एक दिन पहले दिल्ली पहुंचे हैं, उनके ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। रैली के सुचारु संचालन के लिए कांग्रेस सेवा दल के साथ स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। प्रचार-प्रसार के लिए राजधानी के सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के क्षेत्रों में होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा कथित वोट चोरी के मुद्दे को कांग्रेस ने पूरे दिल्ली में उजागर किया है।
कांग्रेस की इस महारैली में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हैं। कई राज्यों से कार्यकर्ता एक दिन पहले ही राजधानी में पहुंच गए थे, जबकि शनिवार को भी सैकड़ों कार्यकर्ता रामलीला मैदान के लिए रवाना हुए। दिल्ली से सटे राज्यों के अलावा जम्मू-कश्मीर से भी पार्टी कार्यकर्ताओं का बड़ा जत्था रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुआ है।
जम्मू से रवाना हुए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बताया कि 14 दिसंबर को होने वाली ‘वोट चोरी’ रैली में भाग लेने के लिए 1027 कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि पिछले कई चुनावों में मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इस रैली के माध्यम से ऐसे मुद्दों को देश के सामने रखा जाएगा। कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि यह रैली लोकतंत्र और जन अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने का मंच बनेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.