बलरामपुर में राप्ती नदी में डूबे चचेरे भाई-बहन, तलाश जारी

बलरामपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब चचेरे भाई-बहन राप्ती नदी में डूब गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर तलाश में जुट गई।
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के बेनीजोत गांव का है। यहां रहने वाले महेश कुमार वर्तमान में लुधियाना (पंजाब) में परिवार सहित रहते हैं और 27 अप्रैल को अपने बच्चों के साथ गांव आए थे।
खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचे बच्चे
जानकारी के अनुसार, महेश कुमार का 6 वर्षीय बेटा शनि और उसके चाचा की 14 वर्षीय बेटी रूसी शुक्रवार सुबह घर से घूमने निकले थे। दोनों खेलते-खेलते गांव के पास बह रही राप्ती नदी के किनारे पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि शनि नदी किनारे पैर धोने लगा, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। छोटे भाई को डूबते देख रूसी उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद गई, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी पानी में बह गई।
ग्रामीणों ने देखा हादसा, मची अफरा-तफरी
घटना को देखकर ग्रामीण दिनेश सहित अन्य लोगों ने शोर मचाया और मौके पर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक दोनों बच्चे नदी में लापता हो चुके थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.