CM धामी ने किया एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का शुभारंभ, 14 देशों के 270+ खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

HIGHLIGHTS
- प्रतियोगिता में 270 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
- आयोजन में 102 कोच, रेफरी और तकनीकी अधिकारी शामिल हैं।
- भारत लगातार दूसरी बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।
देहरादून। हिमाद्री आइस रिंक में सोमवार से एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का रोमांच शुरू हो गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में 14 देशों के 270 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न देशों की टीमें देहरादून पहुंच चुकी हैं। इनके अलावा 102 कोच, रेफरी और अन्य तकनीकी अधिकारी भी आयोजन में शामिल हुए हैं।
प्रतियोगिता में हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन, दक्षिण कोरिया और मेजबान भारत के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों का आधिकारिक अभ्यास 14 अगस्त से शुरू हो चुका है। सोमवार को भी हिमाद्री आइस रिंक में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने अभ्यास किया।
देश-विदेश के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब देवभूमि और वीरभूमि के साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि विश्व कप स्तर का समय हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को आगे विश्व कप प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर मिल सकेगा। ऐसे में देहरादून में हो रही यह प्रतियोगिता भारतीय शॉर्ट ट्रैक स्केटिंग खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर हो सकती है।
भारत लगातार दूसरी बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। 17 से 20 अगस्त तक चलने वाली प्रतियोगिता के दौरान हिमाद्री आइस रिंक में देश-विदेश के शीर्ष खिलाड़ियों की रफ्तार और तकनीक देखने को मिलेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.