दिल्ली: शास्त्री पार्क में छेनू गिरोह के बदमाश की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली। राजधानी के शास्त्री पार्क इलाके में बुधवार को आपराधिक गैंगवार और पारिवारिक विवाद से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। कुख्यात छेनू गिरोह से जुड़े बदमाश वसीम की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वसीम जेबकतरी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। बताया जा रहा है कि बीते वर्ष मंडोली जेल में उसने हाशिम बाबा गिरोह के कुछ सदस्यों पर ब्लेड से हमला किया था। इसके बाद से ही दोनों गिरोहों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी दुश्मनी के चलते पहले भी वसीम पर गोलीबारी की गई थी, हालांकि तब वह बाल-बाल बच गया था।
सूत्र बताते हैं कि इसके बाद हाशिम बाबा गिरोह ने जीटीबी अस्पताल में वसीम पर हमला करने की साजिश रची थी, लेकिन पहचान में चूक के कारण एक अन्य मरीज की जान चली गई थी। इस पूरे मामले ने उस समय भी काफी सनसनी मचाई थी।
ताजा घटना में पुलिस को शक है कि वसीम की हत्या किसी गैंगवार से ज्यादा पारिवारिक विवाद का नतीजा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में वसीम के ही भतीजे ने उस पर हमला किया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वसीम को उसकी पत्नी ने इसी विवाद के सिलसिले में मिलने के लिए बुलाया था।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने वसीम को करीब दो महीने पहले राजधानी से बाहर रहने का आदेश दिया था। इसके बावजूद वह दिल्ली में मौजूद था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.